दपूम रेलवे को मिले नए CPRO, शेख समी उर रहमान ने संभाला पदभार

रायपुर, 14 जुलाई 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (दपूम) के नए मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) के रूप में शेख समी उर रहमान ने 13 जुलाई को पदभार ग्रहण किया। उन्होंने डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव का स्थान लिया, जिनका तबादला रायपुर रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Sr. DCM) के पद पर हुआ है।
शेख समी उर रहमान भारतीय रेलवे यातायात सेवा (IRTS) के 2015 बैच के अधिकारी हैं। पदभार ग्रहण करने से पहले वे पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के रूप में कार्यरत थे। इससे पहले उन्होंने सहायक परिचालन प्रबंधक (AOM), मंडल परिचालन प्रबंधक (DOM) और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी (Sr. DSO) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी सेवाएं दी हैं।
वाराणसी मंडल में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं के विस्तार और गैर-किराया राजस्व (Non-Fare Revenue) बढ़ाने के लिए कई नवाचार किए। उनके नेतृत्व में मंडल ने विभिन्न वाणिज्यिक पहलों के जरिए उल्लेखनीय अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया, जिसके लिए उन्हें वर्ष 2024 में भारतीय रेल के प्रतिष्ठित ‘अति विशिष्ट सेवा पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।
मूल रूप से छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी शेख समी उर रहमान ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT), रायपुर से सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) में बी.टेक. की पढ़ाई की है। वर्ष 2016 में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से भारतीय रेलवे यातायात सेवा में चयनित होने के बाद उन्होंने 14 दिसंबर 2016 से भारतीय रेल में अपनी सेवाएं शुरू की थीं।



