छत्तीसगढ़

सलौनीकला स्कूल कांड में बड़ा खेल? प्राचार्य को बचाने का शक गहराया…

छह दिन बाद भी कार्रवाई नहीं, प्रशासन की चुप्पी पर उठे गंभीर सवाल

बिलाईगढ़, 3 दिसंबर 2025। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलौनीकला में प्राचार्य की गंभीर लापरवाही के मामले में जांच पूरी हो चुकी है, लेकिन कार्रवाई अब तक अटकी हुई है। घटना को छह दिन होने वाले हैं, फिर भी जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की चुप्पी संदेह को और गहरा रही है। सवाल उठ रहा है कि क्या इस मामले में प्राचार्य को बचाने का बड़ा खेल चल रहा है।

जांच रिपोर्ट तैयार, फिर भी फाइल ठंडी
घटना के बाद टीम बनाई गई थी जिसने रिपोर्ट तैयार कर उच्च विभाग को सौंप दी। इसके बावजूद जिलाशिक्षाधिकारी की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। देरी इतनी बढ़ चुकी है कि लोग इसे सामान्य प्रक्रिया नहीं, बल्कि जानबूझकर किया जा रहा धीमापन मानने लगे हैं।

इसे भी पढ़ें: छात्र चला रहे ट्रैक्टर: सलौनीकला स्कूल में गंभीर लापरवाही…

वायरल वीडियो था साफ सबूत
26 नवंबर को सरस्वती साइकिल योजना के वितरण के दौरान सलौनीकला के बच्चों का ट्रैक्टर में साइकिल लादना और खुद ट्रैक्टर चलाते स्कूल पहुंचना वीडियो में साफ दिखा था। प्रभारी प्राचार्य कुमार चौहान ने भी अपनी गलती स्वीकार की थी। यह मामला सिर्फ अनुशासनहीनता नहीं बल्कि बच्चों की जान को जोखिम में डालने जैसा था।

इसे भी पढ़ें: बच्चों से साइकिल लोड करवाई, ट्रैक्टर भी चलवाया: प्राचार्य पर कार्रवाई तय…

चुप्पी ने शक को हवा दी
जब इतनी स्पष्ट लापरवाही सामने हो चुकी है, फिर भी कार्रवाई गायब है तो स्वाभाविक है कि सवाल उठेंगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ राजनीतिक व्यक्तियों द्वारा प्राचार्य को बचाने की कोशिश पहले सिर्फ चर्चा थी, लेकिन अब प्रशासन का रवैया इसे मजबूत कर रहा है।

विभाग पर भरोसा कमजोर पड़ रहा
लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह शिक्षा विभाग मामले को लटकाता रहा तो जनता का भरोसा टूटेगा। यह मामला सिर्फ सलौनीकला का नहीं है, यह इस बात की मिसाल बन सकता है कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी गंभीर घटनाओं को कैसे नजरअंदाज किया जाता है।

मामला मंत्री तक जाने की तैयारी
इस देरी के बाद स्थानीय लोग और अभिभावक नाराज हैं। कई लोगों ने संकेत दिया है कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो शिकायत सीधे शिक्षा मंत्री तक पहुंचाई जाएगी।

अब नजर इस बात पर है कि फाइल खुलेगी या खेल जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button