छत्तीसगढ़

शराब तस्करी मामले में फरार हिस्ट्रीशीटर दीपक मुदलियार गिरफ्तार

रायपुर, 1 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने शराब तस्करी के एक बड़े मामले में लंबे समय से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर दीपक मुदलियार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी संगठित अवैध शराब नेटवर्क का मुख्य सरगना बताया जा रहा है, जो काफी समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था।

पुलिस के अनुसार, दीपक मुदलियार जुआ, शराब तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में पहले से संलिप्त रहा है। जानकारी मिली थी कि वह जल्द ही कोर्ट में सरेंडर करने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा।

जनवरी में हुआ था बड़े जखीरे का खुलासा
मामला जनवरी 2026 का है, जब थाना गंज क्षेत्र के गंजपारा स्थित प्रभात टॉकीज के पीछे भट्ठी इलाके में पुलिस ने छापा मारकर अवैध देशी शराब का बड़ा जखीरा बरामद किया था। इस कार्रवाई में 42.840 बल्क लीटर अवैध शराब (238 पौवा) और ₹3.40 लाख नकद सहित कुल ₹4.28 लाख की संपत्ति जब्त की गई थी।

इस मामले में थाना गंज में अपराध क्रमांक 112/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) के तहत केस दर्ज किया गया।

संगठित नेटवर्क का हुआ खुलासा
जांच के दौरान सामने आया कि यह पूरा अवैध कारोबार संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था, जिसमें कई लोग भंडारण, परिवहन और सप्लाई में शामिल थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, पूछताछ और लगातार निगरानी के जरिए पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया।

अब तक इस मामले में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पहले चरण में ओमप्रकाश उर्फ प्रकाश साहू और गोपाल दास मानिकपुरी को पकड़ा गया था। बाद में राजेश नागेश और दीप पाल सागर को भी गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

मुख्य सरगना की गिरफ्तारी
पूछताछ और जांच के आधार पर पुलिस मुख्य सरगना दीपक मुदलियार तक पहुंचने में सफल रही। उसे 30 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से शहर में सक्रिय अवैध शराब तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। साथ ही अन्य संबंधित आरोपियों और नेटवर्क की कड़ियों की तलाश भी जारी है।

Related Articles

Back to top button