अंतराष्ट्रीय

प्रोजेक्ट फ्रीडम: Hormuz Strait में फंसे जहाजों को निकालेगा अमेरिका

वाशिंगटन, 4 मई 2026। Hormuz Strait में फंसे जहाजों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अमेरिका ने बड़ा कदम उठाया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि अमेरिकी सैन्य बल सोमवार से इस अभियान में मदद करेंगे।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि यह पहल अमेरिका, ईरान और मध्य पूर्व के अन्य देशों के हित में है। उन्होंने बताया कि अमेरिका प्रभावित देशों के जहाजों को प्रतिबंधित जलमार्ग से सुरक्षित निकालने में सहयोग करेगा, ताकि वे सामान्य रूप से अपना संचालन कर सकें। इस मिशन को ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ नाम दिया गया है।

राष्ट्रपति ने चेतावनी भी दी कि अभियान में किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उससे सख्ती से निपटा जाएगा। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि किन-किन देशों के जहाजों को सहायता दी जाएगी।

गौरतलब है कि ईरान द्वारा फरवरी में शुरू हुए संघर्ष के बाद इस अहम जलमार्ग में जहाजों की आवाजाही काफी हद तक प्रभावित हुई है। अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकाबंदी भी लागू कर रखी है, जिससे हालात और जटिल हो गए हैं।

अमेरिकी केंद्रीय कमान के मुताबिक इस ऑपरेशन में करीब 15,000 सैन्यकर्मी, निर्देशित मिसाइल विध्वंसक पोत और 100 से अधिक विमान शामिल होंगे। वहीं खाड़ी क्षेत्र में करीब 20,000 नाविकों के फंसे होने की आशंका है, जिससे आपूर्ति और उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है।

ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान के साथ बातचीत “बहुत सकारात्मक” दिशा में आगे बढ़ रही है और इससे सभी पक्षों के लिए अच्छे परिणाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने इस मिशन को मानवीय प्रयास बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य उन लोगों, कंपनियों और देशों की मदद करना है, जिनकी इस संघर्ष में कोई गलती नहीं है।

दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत तेल और एलएनजी की सप्लाई इसी जलडमरूमध्य से होती है, ऐसे में इस क्षेत्र में तनाव का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी पड़ रहा है। हाल ही में यहां एक टैंकर पर मिसाइल हमला होने की खबर ने हालात की गंभीरता को और बढ़ा दिया है।

Related Articles

Back to top button