
रायपुर, 22 मई 2026। राजधानी रायपुर में 22 मई को कचना रेलवे ओवरब्रिज के लोकार्पण कार्यक्रम के मद्देनजर यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। कार्यक्रम के दौरान शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक खम्हारडीह से कचना और कचना से खम्हारडीह जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग और सावधानी बरतने की अपील की है।
यातायात पुलिस द्वारा जारी सूचना के अनुसार, अनुपम नगर से खम्हारडीह होते हुए कचना की ओर जाने वाले वाहन अब अनुपम नगर – श्रीराम नगर ओवरब्रिज – अशोक रतन – बीएसएनएल कार्यालय – कचना रेलवे फाटक मार्ग से होकर आवागमन कर सकेंगे। वहीं कचना से खम्हारडीह की ओर आने वाले वाहनों को कचना रेलवे फाटक से पहले दाहिने मुड़कर बीएसएनएल कार्यालय, अशोक रतन, श्रीराम नगर ओवरब्रिज और अनुपम नगर चौक होकर गुजरना होगा।
प्रशासन ने बताया कि लोकार्पण कार्यक्रम के चलते अनुपम नगर चौक से अशोक रतन मार्ग तक यातायात का दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि अत्यावश्यक कार्य होने पर ही इस मार्ग का उपयोग करें। साथ ही यदि इस रूट से यात्रा करनी हो तो समय से पहले निकलें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।
कचना रेलवे ओवरब्रिज के शुरू होने से क्षेत्र में लंबे समय से बनी यातायात समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



