बिलाईगढ़ में शिक्षा व्यवस्था सुधारने बीईओ ने ली बैठक
स्कूलों की साफ-सफाई से लेकर पहाड़े और आधार कार्ड तक दिए निर्देश

बिलाईगढ़, 4 जुलाई 2026। जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) सत्यनारायण साहू ने सेजेस बिलाईगढ़ में संकुल प्राचार्यों, संकुल समन्वयकों और प्रधान पाठकों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में विद्यालयों की व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बीईओ ने सभी स्कूलों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही प्राथमिक स्कूलों के विद्यार्थियों को 20 तक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को कम से कम 25 तक पहाड़े याद कराने पर जोर दिया।
उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विद्यार्थियों को गणवेश और प्राप्त पाठ्यपुस्तकों का स्कैनिंग के बाद तत्काल वितरण किया जाए। मध्याह्न भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार तैयार किया जाए तथा प्रत्येक विद्यालय में मेन्यू चार्ट प्रदर्शित किया जाए। बच्चों को मौसमी सब्जियां, अचार और पापड़ उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में विद्यार्थियों के आधार कार्ड, अपार आईडी और जाति प्रमाण पत्र शीघ्र तैयार कराने, स्कूल में दर्ज लेकिन अनुपस्थित बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ने तथा शिक्षकों की उपस्थिति वीएसके पोर्टल के माध्यम से दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।
बीईओ ने कहा कि अन्य विद्यालयों या कार्यालयों में व्यवस्था के रूप में कार्यरत शिक्षकों को उनके मूल विद्यालय में वापस भेजा जाए। जर्जर भवनों में किसी भी स्थिति में बच्चों की कक्षाएं संचालित नहीं की जाएंगी। ऐसे भवनों की जानकारी तत्काल उच्च अधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा प्रत्येक विद्यालय में वृक्षारोपण, पुस्तकालय का विद्यार्थियों द्वारा नियमित उपयोग सुनिश्चित करने और अन्य शैक्षणिक एवं प्रशासनिक बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विकासखंड के संकुल समन्वयक, प्राचार्य और प्रधान पाठक उपस्थित रहे।



