छत्तीसगढ़

युवती को जिंदा जलाने की साजिश नाकाम, 2 महिलाओं समेत 3 गिरफ्तार

दुर्ग, 4 जुलाई 2026। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में युवती को जिंदा जलाकर हत्या करने की कोशिश के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। स्मृति नगर चौकी पुलिस ने दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, खम्हरिया स्थित पीएम आवास निवासी 22 वर्षीय शीतल वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई कि 1 जुलाई को आरोपी परी खान के साथ लक्की सरदार को लेकर उसका विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते 2 जुलाई की रात करीब 8 बजे परी खान ने अपने पति लक्की सरदार, बहन मुस्कान और जीजा राहुल यादव के साथ मिलकर शीतल की हत्या की साजिश रची।

आरोप है कि चारों आरोपी ज्वलनशील पदार्थ लेकर पीड़िता के घर पहुंचे, उसके साथ मारपीट की और उस पर तथा घर में पेट्रोलनुमा ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने की कोशिश की। हालांकि शीतल किसी तरह मौके से भाग निकली और अपनी जान बचाने में सफल रही।

घटना की सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नागपुर भागने की फिराक में हैं। इसके बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परी खान, मुस्कान और राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी शिकायत का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं मुख्य आरोपी लक्की सरदार की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

  • परी खान (23), निवासी पीएम आवास, खम्हरिया, दुर्ग
  • मुस्कान (24), निवासी मच्छीपुर, कामठी, नागपुर (महाराष्ट्र)
  • राहुल यादव (35), निवासी मच्छीपुर, कामठी, नागपुर (महाराष्ट्र)

फरार आरोपी

  • लक्की सरदार

Related Articles

Back to top button