अंतराष्ट्रीय

ढाका ट्रिब्यूनल ने शेख हसीना को मौत की सजा सुनाई, बांग्लादेश में तनाव बढ़ा

ढाका, 17 नवंबर 2025। बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ चल रहे मामले में सोमवार को इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल-बांग्लादेश (ICT-BD) ने बड़ा फैसला सुनाया। ट्रिब्यूनल ने हसीना को मानवता के खिलाफ अपराध का दोषी मानते हुए अधिकतम सजा के योग्य बताया और उन्हें मौत की सजा सुनाई।

फैसले के वक्त शेख हसीना भारत में हैं। सुनवाई के दौरान उन्होंने सभी आरोपों को झूठा बताया था और कहा था कि वे ऐसे फैसलों की परवाह नहीं करतीं। फैसला आने से पहले जारी एक ऑडियो संदेश में उन्होंने कहा था कि मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार उनकी पार्टी को समाप्त करना चाहती है, लेकिन आवामी लीग “जमीन से उठी पार्टी है” और इसे खत्म करना आसान नहीं।

हिंसा की आशंका बढ़ी, देशभर में सुरक्षा कड़ी
अभियोजन पक्ष पहले ही हसीना के खिलाफ मौत की सजा की मांग कर चुका था, इसलिए फैसले के बाद देश में बड़े पैमाने पर हिंसा भड़कने की आशंका जताई जा रही है। इसी बीच कार्यवाहक सरकार ने पूरे देश में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं।

ढाका पुलिस कमिश्नर शेख मोहम्मद सज्जात अली ने पुलिसकर्मियों से कहा है कि अगर कोई बसों में आग लगाने या क्रूड बम फेंकने की कोशिश करे तो सीधे गोली चलाई जाए। पुलिस के मुताबिक संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त जवान तैनात हैं और गश्ती दलों को स्टैंडबाय पर रखा गया है।

पिछले एक हफ्ते में देशभर में करीब 40 आगजनी की घटनाएं और कई बम धमाके हुए हैं, जिनमें दो लोगों की मौत हो चुकी है।

बीजीबी, RAB और सेना तैनात
शांति व्यवस्था संभालने के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB), रैपिड एक्शन बटालियन (RAB) और सेना को कई प्रमुख इलाकों में तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने इस कार्रवाई को दंड संहिता की धारा 96 के तहत “निजी रक्षा” का अधिकार बताते हुए सही ठहराया है, हालांकि मानवाधिकार समूहों ने इस आदेश के संभावित दुरुपयोग पर चिंता जताई है।

आवामी लीग का बांग्लादेश बंद
फैसले के दिन आवामी लीग ने बांग्लादेश बंद का आह्वान किया है। पार्टी का कहना है कि हसीना के खिलाफ सभी आरोप राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित हैं।

ट्रिब्यूनल का यह फैसला बांग्लादेश की राजनीति को नए तनावपूर्ण मोड़ पर ले गया है, जबकि देश पहले से ही अस्थिरता और हिंसा की लपटों में झुलस रहा है।

Related Articles

Back to top button