‘गजनी’ के विलेन और ‘महाभारत’ के अश्वत्थामा प्रदीप रावत का निधन
कैंसर से लंबी जंग के बाद 74 की उम्र में ली अंतिम सांस

मुंबई। बॉलीवुड, साउथ और टीवी जगत के वरिष्ठ अभिनेता प्रदीप रावत का 4 अगस्त को 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। लगान, गजनी, छत्रपति, वीरम समेत कई चर्चित फिल्मों में दमदार अभिनय करने वाले प्रदीप रावत ने मुंबई के भिवंडी स्थित एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि उनके मैनेजर सिद्धार्थ ने की।
मैनेजर सिद्धार्थ के अनुसार, प्रदीप रावत पिछले चार वर्षों से कैंसर से जूझ रहे थे। उन्होंने एक बार इस बीमारी को मात दे दी थी, लेकिन करीब डेढ़ महीने पहले कैंसर दोबारा लौट आया। इसके बाद से उनका लगातार इलाज चल रहा था।
बताया गया कि शुरुआत में करीब तीन सप्ताह तक उनका उपचार कोकिलाबेन अस्पताल में हुआ। बाद में उन्हें बांद्रा स्थित एक कैंसर विशेषज्ञ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पिछले लगभग दस दिनों से उनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान उनके प्लेटलेट्स तेजी से गिर गए और इसी बीच उन्हें वायरल बुखार भी हो गया। लगातार बिगड़ती सेहत के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
मैनेजर ने बताया कि अभिनेता के अंतिम समय में उनकी पत्नी और बेटे विक्रमादित्य अस्पताल में उनके साथ मौजूद थे।
अभिनेता यशपाल शर्मा ने इंस्टाग्राम पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “प्रदीप रावत, हमारे गजनी… ‘लगान’ के देवा को विनम्र श्रद्धांजलि।” बता दें कि फिल्म लगान में प्रदीप रावत ने देवा सिंह सोढी का यादगार किरदार निभाया था।
‘महाभारत’ से मिली थी घर-घर में पहचान
मध्य प्रदेश के जबलपुर में जन्मे प्रदीप राम सिंह रावत ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत बी.आर. चोपड़ा के चर्चित धारावाहिक महाभारत से की थी। इसमें उन्होंने अश्वत्थामा की भूमिका निभाई, जिसने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। अभिनय की दुनिया में आने से पहले उन्हें कई बार संघर्ष और रिजेक्शन का सामना करना पड़ा, लेकिन उनकी प्रभावशाली व्यक्तित्व ने उन्हें बड़े अवसर दिलाए।
इन फिल्मों में निभाए यादगार किरदार
प्रदीप रावत ने अग्निपथ, कोयला, मेजर साहब, सरफरोश, बागी और लगान जैसी कई चर्चित फिल्मों में अहम भूमिकाएं निभाईं। हालांकि उन्हें अधिकतर फिल्मों में सहायक या खलनायक के किरदार मिले, लेकिन अपनी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस से उन्होंने अलग पहचान बनाई।
‘गजनी’ ने दिलाई नई पहचान
आमिर खान अभिनीत सुपरहिट फिल्म गजनी प्रदीप रावत के करियर का सबसे बड़ा मील का पत्थर साबित हुई। फिल्म में उनके निभाए गए खतरनाक विलेन के किरदार को दर्शकों ने खूब सराहा। आज भी गजनी का नाम आमिर खान के साथ-साथ प्रदीप रावत की दमदार और डरावनी परफॉर्मेंस के लिए याद किया जाता है।
प्रदीप रावत के निधन से भारतीय फिल्म और टेलीविजन जगत ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया है, जिसने अपने प्रभावशाली अभिनय और यादगार किरदारों से दर्शकों के दिलों में हमेशा के लिए जगह बना ली।



