
क्लब–फार्महाउस की आड़ में नशा, देह व्यापार और करोड़ों की काली कमाई
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर इस समय नाइट क्लबों, फार्महाउसों और रिसॉर्ट्स में चल रही रेव नाइट पार्टियों का बड़ा केंद्र बन चुकी है। नए साल और क्रिसमस से पहले शहर में नशा, अश्लीलता और कथित देह व्यापार का ऐसा नेटवर्क सक्रिय है, जिसने प्रशासन और सामाजिक व्यवस्था दोनों को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, रायपुर और उसके आसपास 24 दिसंबर से 31 जनवरी तक एक भी फार्महाउस खाली नहीं है। 5 लाख रुपये तक किराए वाले फार्महाउस पहले ही बुक हो चुके हैं। यह सब “नाइट पार्टी” और “फुल इंजॉयमेंट” के नाम पर हो रहा है।
टेबल बुकिंग से मुनाफे का नया सिस्टम
सूत्रों के मुताबिक, नाइट क्लबों में टेबल बुकिंग की नई व्यवस्था लागू की गई है। क्लबों में एक टेबल की कीमत 75 हजार रुपये से लेकर 2 लाख रुपये तक बताई जा रही है। कपल्स की उपस्थिति को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। जिन क्लबों में कपल्स की संख्या कम होती है, वहां अतिरिक्त चार्ज वसूले जाने की व्यवस्था की गई है। इस प्रणाली से क्लब संचालकों को सीधा मुनाफा होने की बात कही जा रही है।
यह पूरी प्रणाली क्लब मालिकों को सीधा फायदा पहुंचाने के लिए बनाई गई है, जिसमें नियम, लाइसेंस और नैतिकता सब पीछे छूट चुके हैं।
क्लबों की आड़ में देह व्यापार का आरोप
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों का आरोप है कि कुछ नाइट क्लबों में रेव पार्टियों की आड़ में देह व्यापार भी तेजी से फैल रहा है। एडवांस बुकिंग, मेंबरशिप और “फुल एंटरटेनमेंट पैकेज” के नाम पर ग्राहकों को विशेष सुविधाएं देने का दावा किया जा रहा है। इन पैकेजों में प्राइवेट रूम, महंगी शराब और कथित रूप से नशे से जुड़ी गतिविधियों की सुविधा शामिल होने की बात सामने आ रही है।
यह सब इतनी खुलेआम हो रहा है कि सवाल उठता है—क्या प्रशासन अनजान है या जानबूझकर आंखें मूंदे बैठा है?
विदेशी डांसरों की बाढ़
सूत्रों का दावा है कि इस न्यू ईयर सीजन में रायपुर को देश के सबसे बड़े पार्टी डेस्टिनेशन के रूप में पेश किया जा रहा है। 1600 से ज्यादा विदेशी डांसरों के रायपुर पहुंचने की खबर है। थाईलैंड, बैंकॉक, रूस और कतर की डांसरों की सबसे ज्यादा मांग है, जबकि अफगानिस्तान और नेपाल की डांसरों को सस्ती दरों पर बुलाया जा रहा है।
सवाल यह है कि इतने बड़े पैमाने पर विदेशी नागरिकों की आवाजाही, वीज़ा, सुरक्षा और स्वास्थ्य जांच आखिर किसकी निगरानी में हो रही है?
युवाओं का भविष्य दांव पर
विशेषज्ञों का कहना है कि नशा, रेव पार्टियां और कथित सेक्स वर्क का यह घातक मिश्रण सीधे युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रहा है। यह केवल नैतिक पतन नहीं, बल्कि मानसिक, सामाजिक और स्वास्थ्य संकट की ओर बढ़ता शहर है।
प्रशासन की सतर्कता या औपचारिकता?
पुलिस नाइट पेट्रोलिंग और निगरानी की बात कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे उलट दिखाई देती है। सोशल मीडिया पर इन पार्टियों के वीडियो और तस्वीरें रोज़ वायरल हो रही हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि इतनी बड़ी गतिविधियां बिना किसी संरक्षण के कैसे चल रही हैं?
बड़ा सवाल
क्या रायपुर में रेव नाइट पार्टियों का यह नेटवर्क राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण में चल रहा है?
क्या क्लब, फार्महाउस और रिसॉर्ट अब कानून से ऊपर हो चुके हैं?
और सबसे अहम—क्या युवाओं का भविष्य सिर्फ मुनाफे के लिए गिरवी रख दिया गया है?
बढ़ती नाइट लाइफ, बढ़ती चिंता
सोशल मीडिया पर इन पार्टियों से जुड़े वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। इससे युवा वर्ग में उत्साह तो बढ़ रहा है, लेकिन प्रशासन और समाज के सामने यह चुनौती भी खड़ी हो रही है कि मनोरंजन के नाम पर स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक मर्यादाओं का उल्लंघन न हो।
नए साल से पहले रायपुर में बना यह नशे और रेव पार्टी का माहौल प्रशासन के लिए एक कड़ी परीक्षा है। अब देखना यह होगा कि कार्रवाई सिर्फ कागज़ों तक सीमित रहती है या वास्तव में इस पूरे नेटवर्क पर प्रहार होता है।



